उधवा (साहिबगंज): साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड अंतर्गत दक्षिण पलाशगाछी एवं पश्चिम प्राणपुर पंचायत के सुदूरवर्ती गोलढाब-चुआर (आसराउल टोला) गांव में रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। साहिबगंज जिला उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने राजमहल विधायक मो ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा के साथ पहली बार इस सुदूर क्षेत्र का दौरा किया।
पल्स पोलियो अभियान का आगाज
उपायुक्त और विधायक ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद डीसी ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई। इस दौरान उपायुक्त ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि भारत को पोलियो मुक्त रखने के संकल्प को साकार किया जा सके।
ग्रामीणों से सीधा संवाद और विकास कार्यों की समीक्षा
अभियान के शुभारंभ के पश्चात उपायुक्त और विधायक ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। दक्षिण पलाशगाछी पंचायत की मुखिया नफीसा खातून ने प्रशासन को एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्थापना, बाढ़ राहत चबूतरा, सोलर जलापूर्ति योजना की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा कार्य, सड़क एवं पुल-पुलिया के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं।
विकास कार्यों में तेजी लाने का दिया आश्वासन
विधायक एमटी राजा ने कहा कि गोलढाब-चुआर जैसे दियारा क्षेत्रों का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पंचायत की मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जिला उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया।
दियारा क्षेत्र की चुनौतियों पर चर्चा
दौरे के दौरान जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि अजरुद्दीन शेख ने प्रशासन को अवगत कराया कि भौगोलिक स्थिति के कारण निर्माण सामग्री नाव द्वारा लानी पड़ती है, जिससे परिवहन लागत अत्यधिक बढ़ जाती है। इस कारण ठेकेदार यहां काम लेने से कतराते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या के समाधान हेतु परिवहन खर्च (कैरींग कॉस्ट) में वृद्धि का आग्रह किया, ताकि विकास योजनाओं को गति मिल सके।
इस दौरे से ग्रामीणों में एक नई उम्मीद जगी है कि अब क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा। मौके पर राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, बीडीओ उधवा जयंत तिवारी, सीओ आशीष कुमार मंडल, थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गुफरान आलम सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
ब्यूरो रिपोर्ट
