बरहरवा : झारखंड के साहिबगंज जिले के अंतर्गत आने वाले बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। आनंद विहार एक्सप्रेस के आगमन के समय चलाए गए एक विशेष तलाशी अभियान के दौरान तीन शातिर तस्करों को भारी मात्रा में भारतीय निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की कुल कीमत करीब ₹34,860 आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर आरपीएफ और सीपीडीएस टीम ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ को विश्वसनीय सूत्रों से बरहरवा रेलवे स्टेशन के रास्ते शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर (बरहरवा) संजीव कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त छापामार टीम का गठन किया गया। इस टीम में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के एएसआई अजय कुमार हांसदा, कांस्टेबल जितेन्द्र प्रसाद यादव, अनिल कुमार साह और मुकेश कुमार के साथ-साथ सीपीडीएस टीम मालदा के हेड कांस्टेबल मोहम्मद शमीम खान और कांस्टेबल राजा यादव शामिल थे।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संदिग्ध हालत में धरे गए आरोपी
तलाशी अभियान के दौरान जब टीम प्लेटफॉर्म संख्या-01 स्थित आरपीएफ कार्यालय के पास पहुँची, तो तीन युवक अपने पीठ पर पिट्ठू बैग टांगे संदिग्ध अवस्था में ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते दिखे। आरपीएफ टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को रोका और जब उनके बैगों की सघन तलाशी ली गई, तो भारी मात्रा में विदेशी शराब के पाउच और बोतलें बरामद हुईं।
आरोपियों के पास से बरामद शराब का विवरण:
- सुमन कुमार: इनके पास से ‘Megastar’ बैग में रखे ‘ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की’ के 78 पाउच (कुल 14,040 एमएल) बरामद हुए।
- रौशन कुमार: इनके बैग से ‘ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की’ के 80 पाउच और ‘मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर प्रीमियर ग्रेन व्हिस्की’ की 02 बोतलें (750 एमएल) बरामद की गईं।
- प्रवीण कुमार: इनके पास से ‘ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की’ के 12 पाउच और ‘रॉयल स्टेज व्हिस्की’ की 22 बोतलें (375 एमएल) बरामद हुईं।
टीम ने कुल 194 पाउच/बोतल (कुल मात्रा 40,350 एमएल) विदेशी शराब जब्त की है। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके।
मुंगेर और लखीसराय के रहने वाले हैं तस्कर, जमालपुर थी डिलीवरी
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और मोटी कमाई के चक्कर में इस अवैध कारोबार में शामिल थे। आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- सुमन कुमार (20 वर्ष) – पिता: पवन पासवान, निवासी: लक्ष्मीपुर, सूर्यगढ़ा, लखीसराय (बिहार)।
- रौशन कुमार (22 वर्ष) – पिता: दिलीप चौधरी, निवासी: सुभाष नगर, मुंगेर, कोतवाली, मुंगेर (बिहार)।
- प्रवीण कुमार (20 वर्ष) – पिता: मनोज यादव, निवासी: गढ़ी बिशनपुर, किऊल, लखीसराय (बिहार)।
पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे इस अवैध खेप को बरहरवा रेलवे स्टेशन से लेकर जमालपुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इस शराब को मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की उनकी योजना थी।
आबकारी विभाग साहिबगंज को सौंपे गए आरोपी
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने गवाहों की मौजूदगी में सभी वैधानिक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए शराब को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, साहिबगंज को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग के अधिकारी आरपीएफ पोस्ट पहुंचे, जिसके बाद जब्त शराब और तीनों आरोपियों को विधिवत आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है।