राजमहल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन की मजबूती और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को राजमहल स्थित जिला परिषद भवन के सभागार में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राजमहल नगर, राजमहल ग्रामीण और तीनपहाड़ मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजमहल नगर अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता , पंडित दीनदयाल उपध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया । बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा, भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र कुमार तथा साहिबगंज जिला महामंत्री धनंजय मंडल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पार्टी की मजबूती, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।

‘हर घर तिरंगा यात्रा’ से गूंजेगा राजमहल: बैठक में आगामी राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ को लेकर विशेष रूपरेखा तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि राजमहल नगर, तीनपहाड़ और राजमहल ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ता मिलकर संयुक्त रूप से भव्य तिरंगा यात्रा निकालेंगे, जो क्षेत्र में देशभक्ति का नया संदेश देगी।
संत रविदास जयंती पर निकलेगी ‘समरसता शोभा यात्रा’ संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ पर भी विस्तृत चर्चा हुई। अभियान के तहत संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र कलश मिट्टी के साहिबगंज पहुंचने पर मंडल स्तर पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न मठ-मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ-साथ शोभा यात्रा निकालने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति इस सांगठनिक बैठक में सोनेलाल ठाकुर, तीनपहाड़ मंडल अध्यक्ष चंदन श्रीवास्तव, राजेश मंडल, परमानंद मंडल, किशोर जैन, संजय प्रमाणिक, निर्भय सिंह, गोपू श्रीवास्तव, कैलाश पासवान, बिंदेश्वरी यादव और फेकू बसाक समेत बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ व निष्ठावान कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आगामी सभी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें : PM मोदी ने शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को राष्ट्र को किया समर्पित, ₹17.94 करोड़ से बना ‘अमृत स्टेशन’