साहिबगंज: तालझारी थाना क्षेत्र के चमडी पहाड़ के जंगलों में मिले नरकंकाल मामले का साहिबगंज पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के कारण हुई इस हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों—मृतक की सास और उसके दामाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
6 अगस्त को जंगल से मिला था नरकंकाल
राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने गुरुवार को कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि, बीते 6 अगस्त को तालझारी थाना अंतर्गत ग्राम चमडी पहाड़ के जंगल में एक शव कंकाल अवस्था में बरामद हुआ था। शव के पास पड़े कपड़ों के आधार पर परिजनों ने मृतक की पहचान एतवारी पहाड़िया (पिता- स्व. चामा पहाड़िया), साकिन- झिरीकडांगा पहाड़, थाना तालझारी के रूप में की थी।
मृतक की आधिकारिक पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा डीएनए परीक्षण की प्रक्रिया कराई जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर तालझारी थाने में कांड संख्या 125/26 (धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस 2023) दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
जांच में सामने आया सच: सास के कहने पर दामाद ने दबाया था गला
साहिबगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि हत्या का मुख्य कारण पूर्व से चला आ रहा विवाद था।
अभियुक्त शांति पहाड़िन के उकसाने और कहने पर उसके दामाद गंगा पहाड़िया ने एतवारी पहाड़िया का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। साक्ष्य छुपाने की नीयत से दोनों ने शव को चमडी पहाड़ के घने जंगलों में छिपा दिया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
- शांति पहाड़िन (उम्र लगभग 45 वर्ष), पति- स्व. रामा पहाड़िया, साकिन- झिरीकडांगा पहाड़, थाना तालझारी, जिला साहिबगंज।
- गंगा पहाड़िया (उम्र लगभग 25 वर्ष), पिता- स्व. लिडर मैसा पहाड़िया, साकिन- चमडी पहाड़, थाना तालझारी, जिला साहिबगंज।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस टीम
इस हत्याकांड का त्वरित खुलासा करने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल थे:
- नितेश कुमार पाण्डेय (थाना प्रभारी, तालझारी)
- कन्हैया प्रसाद (पु०अ०नि०, तालझारी थाना)
- चुरका हेम्ब्रम (हवलदार, तालझारी रिजर्व गार्ड)
- राजाराम सिंह (आ०/25, तालझारी रिजर्व गार्ड)
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की अनुसंधान जारी है।
यह भी पढ़ें : नगर पंचायत राजमहल में ₹1.20 करोड़ की 7 विकास योजनाओं का शिलान्यास, पेयजल और सड़कों की सुधरेगी सूरत
2 Comments