मालदा : नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत मालदा रेल मंडल की आरपीएफ (RPF) टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीम कुमार कुल्लू के नेतृत्व में की गई । इस कार्रवाई में मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया गया है। आरपीएफ की इस सक्रियता से तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लावारिस बैग से हुई बरामदगी : मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 3 अप्रैल 2026 को आरपीएफ क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच और जीआरपी मालदा टाउन की संयुक्त टीम स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 01 (NJP साइड) पर एक लावारिस सफेद हैंड कैरी बैग मिला।
काफी देर तक पूछताछ के बाद भी जब किसी यात्री ने बैग पर अपना दावा नहीं किया, तो संदेह होने पर बैग की तलाशी ली गई। बैग खोलने पर उसमें से नशीले पदार्थ की तेज गंध आ रही थी, जिसमें हरे रंग का पत्तीनुमा पदार्थ (गांजा) भरा हुआ था।
2.55 लाख रुपये आंकी गई है कीमत : रेलवे सुरक्षा बल द्वारा की गई माप के अनुसार, बरामद किए गए गांजे की कुल मात्रा लगभग 5.1 किलोग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 2,55,000 रुपये बताई जा रही है। आरपीएफ ने सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद जब्त किए गए मादक पदार्थ को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी मालदा टाउन को सौंप दिया है।
तस्करी रोकने के लिए रेलवे सतर्क : आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत निगरानी और छापेमारी का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा। मालदा मंडल की इस सतर्कता का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रा को सुरक्षित बनाना और नशा मुक्त समाज की दिशा में योगदान देना है।