प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते राजमहल एसडीपीओ, थाना प्रभारी व अन्य
प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते राजमहल एसडीपीओ, थाना प्रभारी व अन्य
|

राजमहल (साहेबगंज) : साहेबगंज जिला पुलिस को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से उधवा ओवर ब्रिज के पास छापेमारी की। इस दौरान एक युवक को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज शेख (उम्र 23 वर्ष), पिता स्वर्गीय अताउल शेख, निवासी पहाड़गाँव, थाना राधानगर, जिला साहेबगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 7.88 ग्राम अवैध MDMA ड्रग्स बरामद किया है।

गुप्त सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 6 जून 2026 को साहेबगंज पुलिस अधीक्षक को उधवा ओवर ब्रिज के पास अवैध रूप से मनोजेत्तेजक पदार्थ की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की सत्यता जांचने और त्वरित कार्रवाई के लिए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी उधवा की मौजूदगी में राधानगर थाना पुलिस ने जैसे ही मौके पर दबिश दी, पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। मुस्तैद पुलिस बलों ने घेराबंदी कर उसे खदेड़कर पकड़ लिया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से MDMA ड्रग्स बरामद हुआ।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल

इस मामले को लेकर राधानगर थाना में कांड संख्या 198/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21/27 के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने नशीले पदार्थों को जब्त करने के साथ ही आरोपी फिरोज शेख को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और रविवार को उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाने में जुटी है।

छापेमारी टीम में शामिल पदाधिकारी

इस सफल और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में मुख्य रूप से उधवा के अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पुलिस अधिकारी पंकज कुमार दुबे, सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रहलाद मेहरा और आरक्षी दुलारचंद यादव सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के ड्रग्स माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *