मालदा/कोलकाता: भीषण गर्मी और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मालदा टाउन से दो महत्वपूर्ण पर्यटन और व्यापारिक केंद्र दीघा और उधना के लिए दो अलग अलग स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और वे आसानी से अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।
मालदा टाउन – दीघा – मालदा टाउन समर स्पेशल
मालदा और लोकप्रिय समुद्र तटीय पर्यटन स्थल दीघा के बीच यात्रा करने वालों के लिए रेलवे 02 मई से 20 जून 2026 तक 8 ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाएगा।
ट्रेन संख्या 03465 (मालदा टाउन-दीघा): यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार दोपहर 13:10 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी और उसी दिन रात 23:00 बजे दीघा पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 03466 (दीघा-मालदा टाउन): वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार रात 23:40 बजे दीघा से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 09:20 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।
स्टॉपेज: यह ट्रेन दोनों दिशाओं में न्यू फरक्का, पाकुड़, रामपुरहाट, सैंथिया, बोलपुर शांतिनिकेतन, बर्द्धमान, डंकुनी, अंदुल, मेचेदा, तामलुक और कांथी स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा उपलब्ध होगी। इसकी बुकिंग पीआरएस काउंटर और इंटरनेट के माध्यम से की जा सकती है।
मालदा टाउन – उधना – मालदा टाउन समर स्पेशल
मालदा टाउन से गुजरात के उधना के बीच भी विशेष ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है, जो अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच कुल 16 फेरे लगाएगी।
ट्रेन संख्या 09033 (उधना-मालदा टाउन): यह ट्रेन 09 अप्रैल से 23 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार रात 23:00 बजे उधना से चलेगी और तीसरे दिन सुबह 11:00 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 09034 (मालदा टाउन-उधना): वापसी में यह गाड़ी 12 अप्रैल से 26 जुलाई तक प्रत्येक रविवार सुबह 09:30 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी और तीसरे दिन तड़के 01:20 बजे उधना पहुंचेगी।
स्टॉपेज: पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में यह ट्रेन न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में भी जनरल, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणियों के कोच उपलब्ध होंगे। रेलवे द्वारा इस ट्रेन की बुकिंग शुरू होने की तारीख जल्द ही अधिसूचित की जाएगी।