साहिबगंज: मिशन वात्सल्य के तहत जागरूकता अभियान

साहिबगंज: बच्चों के संरक्षण और उनके बेहतर भविष्य के लिए संचालित ‘मिशन वात्सल्य’ योजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। इसी कड़ी में बुधवार को साहिबगंज प्रखंड के विभिन्न चौक-चौराहों पर जिला बाल संरक्षण इकाई की ओर से विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

जागरूकता अभियान के दौरान टीम ने प्रखंड के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाकर ‘प्रयोजन योजना’, ‘फोस्टर केयर’ और ‘आफ्टर केयर’ योजना के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। विभाग की ओर से बताया गया कि इन योजनाओं का लक्ष्य उन बच्चों को सहारा देना है जिन्हें संरक्षण और देखभाल की आवश्यकता है, ताकि उनका विकास बाधित न हो।

इस कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मौके पर गैर-संस्थागत देखरेख की संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी एवं शोभा कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मोहम्मद इकबाल, आंकड़ा विश्लेषक बिंदु कुमारी और सामाजिक कार्यकर्ता मीणा ओझा मुख्य रूप से उपस्थित थीं।

बताया गया कि मिशन वात्सल्य के तहत इन योजनाओं के माध्यम से बच्चों को पारिवारिक माहौल प्रदान करने और 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आर्थिक व सामाजिक मदद दी जाती है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Comment