जानकारी देते एसडीपीओ व अन्य - photo by the news mitra
जानकारी देते एसडीपीओ व अन्य - photo by the news mitra
|

फोटो : प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते एसडीपीओ व अन्य .

उधवा (साहिबगंज) : राधानगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज में एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी ही पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। साहिबगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने राधानगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्त ने हत्या का कारण अवैध संबंध का शक बताया है। इसी शक के आधार पर आरोपी पति ने अपनी पत्नी पर हमला किया था। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

घटना का विवरण

एसडीपीओ ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 की सुबह बेगमगंज निवासी पार्थो घोष (19 वर्ष) ने अपनी पत्नी राखी देवी पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों द्वारा घायल राखी देवी को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही राधानगर थाना में कांड संख्या 139/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 103(1), 61(2)(b) और 352 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज अमित कुमार द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राजमहल, विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिक अभियुक्त पार्थो घोष (पिता- अजीत घोष, साकिन- गोबरगाड़ी) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का एक नुकीला रॉड (तीर नुमा) बरामद किया है, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है।

इस सफल उद्भेदन में अमर कुमार मिंज (थाना प्रभारी, राधानगर) ,संग्राम सिंह सोय (पु.अ.नि., राधानगर),जुमराती अंसारी (पु.अ.नि., राधानगर),मो. असलम (स.अ.नि., राधानगर),पप्पू कुमार (हवलदार) व राजकिशोर यादव (हवलदार) व पुलिस बल शामिल थे ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *