कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथि व अन्य
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथि व अन्य
|

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। श्रमदान और व्यापक पौधारोपण अभियान के साथ आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य ध्येय ‘क्लीन साहिबगंज, ग्रीन साहिबगंज एवं हेल्दी साहिबगंज’ की संकल्पना को साकार करना रहा। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे रोपकर प्रकृति को संवारने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साहिबगंज नगर परिषद के अध्यक्ष रामनाथ पासवान उपस्थित रहे। महाविद्यालय पहुंचने पर प्रांगण में उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत में साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और रोपे गए पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामनाथ पासवान ने महाविद्यालय प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते पर्यावरण और बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने का एकमात्र जरिया व्यापक स्तर पर पौधारोपण करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे न केवल स्वयं पौधे लगाएं, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करें।

वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखना और वातावरण को हरा-भरा रखना हम सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें वटवृक्ष बनाने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया।

इस वन महोत्सव कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार की ओर से मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, लाइफ साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. मीरा चौधरी, डॉ. संतोष कुमार चौधरी, डॉ. जीसू हसदा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. अक्षय कुमार वर्मा, डॉ. रूपा दास, प्रो. कुमार प्रशांत भारती , गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर परिसर में सफाई अभियान चलाया और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दिया।

यह भी पढ़ें :साहिबगंज कॉलेज में धूमधाम से मना विश्व आदिवासी दिवस , पारंपरिक दाइयों के सम्मान पर विशेष जोर

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *