बरहरवा: बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर बरारी पंचायत भवन के समीप सोमवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान साहेबडंगा गांव निवासी इस्माइल शेख (22), उनकी माता आएशा बीबी (45) और बहन रुली खातून (18) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार बाइक से पश्चिम बंगाल के धुलियान से डॉक्टर को दिखाकर वापस अपने घर लौट रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक (संख्या JH 16 H 0025) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे व सुरक्षा की मांग को लेकर बरहरवा-फरक्का मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। वहीं, हादसे में घायल बच्ची मर्जिया खातून (5) को स्थानीय लोगों की मदद से बरहरवा सीएचसी पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना से साहेबडंगा गांव में मातम पसरा हुआ है।
