जानकारी देते बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर एवं अन्य
|

​बरहरवा: बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वेटिंग हॉल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति भारी सामान के साथ मौजूद हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एएसआई जे.के. दुबे और उनकी टीम ने तुरंत घेराबंदी कर वेटिंग हॉल के समीप एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों का व्यवहार संदिग्ध पाया गया और उन्होंने संतोषजनक उत्तर देने के बजाय टीम से बहस शुरू कर दी। इसके बाद यात्रियों की उपस्थिति में उनके सामान की गहन तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बेगूसराय (बिहार) निवासी परशुराम राय और विकेश ठाकुर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैग और ट्रॉली में छिपाकर अवैध रूप से व्हिस्की के पाउच ले जा रहे थे।

इस अभियान के दौरान टीम ने आरोपियों के पास से कुल 47.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की, जिसका बाजार मूल्य लगभग ₹36,540 आंका गया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार द्वारा गवाहों की उपस्थिति में जब्ती सूची तैयार कर पूरी सामग्री को विधिवत जब्त किया गया। स्वतंत्र गवाहों के न मिलने पर प्रक्रिया के अनुसार जब्ती कार्यवाही पूरी की गई और आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शराब की यह खेप व्यावसायिक उद्देश्य से अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी, जो निर्धारित व्यक्तिगत सीमा से कहीं अधिक है। आरपीएफ ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों, जब्त शराब और अन्य दस्तावेजों को अग्रिम कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग, साहिबगंज के उपनिरीक्षक दीपक कश्यप को सुपुर्द कर दिया है। विभाग इस मामले में आगे की विस्तृत जांच कर रहा है।

रिपोर्ट: मिथुन यादव, बरहरवा

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *