निरिक्षण करते उपायुक्त व अन्य पदाधिकारी

साहिबगंज : उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को विभिन्न विकास कार्यों एवं संस्थानों का निरिक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए । निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम स्पेशल डिवीजन द्वारा बनाये जा रहे आर एंड आर (R&R) कॉलोनी के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके पश्चात उपायुक्त ने मोती झरना में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही वहां बन रहे डॉल्फिन शौचालय के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जा रहे इस क्षेत्र में सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्र, करणपुरा का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र बंद पाया गया, जिस पर उपायुक्त ने नाराजगी प्रकट की। उन्होंने पैदल चल कर संबंधित सेविका के आवास का भी निरीक्षण किया, परंतु सेविका अपने आवास पर भी उपस्थित नहीं मिली। ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के आधार पर उपायुक्त ने सेविका एवं सहायिका के प्रति नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए ।

उपायुक्त ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन अत्यंत आवश्यक है, ताकि बच्चों एवं महिलाओं को सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *