फाइल फोटो : तीनपहाड़ थाना
|

तीनपहाड़ : थाना क्षेत्र अंतर्गत बुध हटिया के समीप बुधवार की रात तेज़ रफ़्तार अज्ञात वाहन ने राह चलते एक 36 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस घटना में बुरी तरह घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मुंडली खरबन्नी निवासी सुभाष महतो (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय विनोद महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष महतो बुधवार की रात लगभग 9:00 बजे अपने एक मित्र के घर आयोजित मनसा पूजा में शामिल होने गए थे। वहां पूजा का प्रसाद ग्रहण करने के बाद वे पैदल ही अपने घर मुंडली खरबन्नी लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे बुध हटिया के समीप पहुंचे, एक अनियंत्रित और तेज़ रफ़्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुभाष महतो सड़क किनारे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल होकर लहूलुहान अवस्था में तड़पने लगे।

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार होने में कामयाब रहा। हादसे के कुछ देर बाद जब वहां से गुजर रहे अन्य राहगीरों की नजर सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े व्यक्ति पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया। देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने जब पास जाकर देखा, तो तड़प रहे व्यक्ति की पहचान मुंडली खरबन्नी निवासी सुभाष महतो के रूप में हुई। ग्रामीणों ने अविलंब इस घटना की सूचना परिजनों को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल सुभाष को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जाने लगा। हालांकि, शरीर पर गहरी व गंभीर चोटें लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना तीनपहाड़ थाना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक विवरण सामने आ सके। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी हुई है। इस दुर्घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट: मिथुन यादव ,तीनपहाड़

यह भी पढ़ें : तीनपहाड़: भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ एक गिरफ्तार, जेल

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *