राजमहल (साहिबगंज): विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को अनुमंडल अधिकारी सदानंद महतो की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राजमहल विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।बैठक का मुख्य उद्देश्य 22 जुलाई को आयोजित होने वाली ‘बूथ स्तरीय चुनावी पाठशाला’ की तैयारियों की समीक्षा करना और सभी राजनीतिक दलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
ड्राफ्ट मतदाता सूची का होगा सार्वजनिक वाचन
बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने जानकारी दी कि 22 जुलाई को पूर्वाहन 11:00 बजे से क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय चुनावी पाठशाला का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व में एकत्र किए गए एन्यूमरेशन फॉर्म के आधार पर तैयार की गई ड्राफ्ट मतदाता सूची का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा, जिससे आम मतदाता अपनी दर्ज जानकारियों का सत्यापन कर सकें। इसके अलावा:
- मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के आवश्यक सुधार पर विचार किया जाएगा।
- नए नाम जोड़ने अथवा अयोग्य नाम हटाने से जुड़ी आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा।
BLA-2 की शत-प्रतिशत उपस्थिति का निर्देश
एसडीएम सदानंद महतो ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) को तय समय पर संबंधित मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दें, ताकि चुनावी पाठशाला को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
बैठक में उपस्थित प्रमुख प्रतिनिधि
इस सर्वदलीय बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया । जिनमें मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) राजमहल प्रखंड अध्यक्ष अनिसूर रहमान, प्रखंड उपाध्यक्ष सह बीएलए मुर्शिद राजा, उधवा प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली, बीएलए काजू मल्लिक, एखलाकुर रहमान तथा राजमहल नगर अध्यक्ष आजाद शेख उपस्थित थे। वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष दीपक कुमार चंद्रवंशी के अलावा अन्य दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे ।