जानकारी देते आरपीएफ इंस्पेक्टर और जप्त मोबाइल की तस्वीर
जानकारी देते आरपीएफ इंस्पेक्टर और जप्त मोबाइल की तस्वीर
| |

बरहरवा (साहिबगंज): रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेन सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वनांचल एक्सप्रेस से भारी मात्रा में संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरपीएफ की टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के पास एक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए 174 एंड्रॉयड मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 58,95,878 रुपये (अट्ठावन लाख पचानवे हजार आठ सौ अठहत्तर रुपये) आंकी गई है।

यह पूरी कार्रवाई बरहरवा आरपीएफ पोस्ट के इंस्पेक्टर संजीव कुमार को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो संदिग्ध व्यक्ति भारी संख्या में चोरी के मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं और वे इसे किसी ठिकाने पर ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ और सीपीडीएस (क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड) की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। इस टीम में आरपीएफ के सिपाही अनिल कुमार साह के साथ-साथ सीपीडीएस टीम के प्रधान आरक्षी योगेन्द्र मांझी, सिपाही विनय कुमार वर्मा और सिपाही नितीश कुमार शामिल थे। सुरक्षा बलों ने गुमानी स्टेशन से लेकर बरहरवा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के जनरल कोच संख्या ER-104464 में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस टीम को देखकर जनरल बोगी में पिट्ठू बैग लिए बैठे दो युवकों ने भागने की कोशिश की। दोनों आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आरपीएफ और सीपीडीएस के जवानों ने तत्परता, सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए दोनों को घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) और मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तारी के बाद जब बरहरवा स्टेशन पर दोनों आरोपियों के बैगों की तलाशी ली गई, तो आरपीएफ के अधिकारी भी दंग रह गए। उनके बैगों से कुल 174 पुराने और इस्तेमाल किए गए विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें से 85 मोबाइल फोन मोहम्मद नासरुद्दीन शेख के पास से और 89 मोबाइल फोन मोहम्मद रहमत शेख के पास से जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी इन मोबाइलों के संबंध में कोई भी वैध कागजात, रसीद या मालिकाना हक का प्रमाण पेश नहीं कर सके।

आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के सुसंगत प्रावधानों के तहत सभी 174 मोबाइलों को विधिवत जब्त कर लिया है और इसकी एक विस्तृत जब्ती सूची तैयार की है। इसके बाद, आवश्यक कानूनी कार्रवाई और आगे के अनुसंधान के लिए दोनों गिरफ्तार आरोपियों सहित जब्त किए गए मोबाइलों को रेल थाना बरहरवा (जीआरपी) को सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस मोबाइल तस्करी रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *