जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते उपायुक्त एवं अन्य पदाधिकारी

साहिबगंज: निषिद्ध मादक पदार्थों के बढ़ते दुरुपयोग और नशे की लत के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर 15 जून से 26 जून 2026 तक चलने वाले राज्यव्यापी जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया है। इसी कड़ी में सोमवार को समाहरणालय परिसर, साहिबगंज से उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने एक विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण इलाकों का भ्रमण कर आम जनता, विशेषकर युवाओं और छात्रों को नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करेगा। इस मौके पर उपायुक्त ने नागरिकों से इस अभियान को एक जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि नशा न सिर्फ स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज की तरक्की में बड़ी बाधा है।

अभियान के उद्घाटन के दौरान जागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए ‘दीपक आर्ट’ की टीम द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित एक शानदार नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व को बेहद मार्मिक ढंग से पेश किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और एक स्वस्थ, सुरक्षित व नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *