राजमहल : नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या 5 के पार्षद मो. मारूफ उर्फ गुड्डू को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया. साहिबगंज समाहरणालय सभागार में गुरुवार को निर्वाची पदाधिकारी छूटेश्वर प्रसाद दास , सहायक निर्वाची पदाधिकारी सदानंद महतो व विमल सोरेन की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया के दौरान 14 वार्ड पार्षदों ने सर्वप्रथम शपथ ग्रहण किया .
इसके उपरांत उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई. जिसमें वार्ड संख्या 5 से वार्ड पार्षद के रूप में उन्होंने अपना नामांकन दर्ज कराया . निर्धारित समय अवधि तक अन्य किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया. समय समाप्ति के बाद सर्वसम्मति से मो मारूफ को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया.
निर्वाची पदाधिकारी छूटेश्वर प्रसाद दास ने निर्विरोध नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा .उपाध्यक्ष पद पर उनके निर्विरोध चुने जाने की खबर मिलते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई.नगर पंचायत क्षेत्र के कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और फूल-मालाओं से स्वागत किया.
समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया.बताया जाता है कि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और वार्ड पार्षद के रूप में भी क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं.उनके कार्यों को देखते हुए नगर पंचायत के कई पार्षदों और जनप्रतिनिधियों का उन्हें समर्थन मिला, जिसके कारण वे निर्विरोध उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए.
उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने नगर पंचायत के सभी पार्षदों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया.उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. वे नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत के विकास के लिए सभी वार्ड पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में विकास की गति और तेज हो सके तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके. उनके निर्विरोध चुने जाने से नगर पंचायत में विकास को लेकर नई उम्मीदें भी जगी .
इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह, केंद्रीय समिति सदस्य एकलाखुर रहमान, झामुमो उधवा प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली, झामुमो राजमहल प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान ,अब्दुल बारीक शेख ,घीसू शेख, राजू अंसारी,आकाश चौधरी,राजीव बर्मन, राजमहल झामुमो नगर अध्यक्ष मोहम्मद आजाद, विकास यादव, अजय दास, अशोक चिरानियां, मुर्शीद राजा सहित अन्य ने फूल माला पहनाकर उन्हें बधाई दी.
विधायक के सफल मार्गदर्शन से निर्विरोध निर्वाचित हुए मो मारूफ
राजमहल विधायक मो ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा के माध्यम से उपाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति बनाने को लेकर मार्गदर्शन किया गया था. जिस पर नपं अध्यक्ष केताबुददिन शेख व सभी 14 वार्ड पार्षदों ने अपनी एकजुटता दिखाई और वार्ड संख्या 5 से निर्विरोध निर्वाचित वार्ड पार्षद मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू को उपाध्यक्ष पद पर भी निर्विरोध निर्वाचित कराते हुए. सकारात्मक संदेश देने का काम किया. इधर जीत का प्रमाण पत्र लेकर अपने घर पहुंचते ही मो मारूफ ने अपने पिता मो मोईनुद्दीन को प्रमाण पत्र समर्पित किया.
विदित हो कि मो. मारुफ उर्फ गुड्डू वर्ष 2018 से 2026 तक लगातार वार्ड पार्षद के रूप में जनसेवा करते आ रहे हैं. वर्ष 2026 में वे वार्ड पार्षद के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए और इसके साथ ही नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद पर भी निर्विरोध चुने गए.राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो वे करीब डेढ़ दशक से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़े हुए हैं और पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं.
वर्तमान में वे राजमहल विधायक प्रतिनिधि होने के साथ-साथ झामुमो युवा मोर्चा के जिला सचिव पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। मो. मारुफ उर्फ गुड्डू राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा के छोटे भाई हैं, जिनके मार्गदर्शन में वे क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं.
नपं प्रशासक ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का किया स्वागत.
नगर पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि नगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी 14 वार्ड पार्षद नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे. इस अवसर पर नगर पंचायत के प्रशासक ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी.कार्यालय में आयोजित इस औपचारिक मुलाकात के दौरान प्रशासक ने कहा कि नगर के समुचित विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पार्षद आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नगर की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.