बरामद मादक पदार्थ के साथ रेल पुलिस कर्मी
बरामद मादक पदार्थ के साथ रेल पुलिस कर्मी
| |

मालदा/भागलपुर: रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए मालदा रेल मंडल की आरपीएफ (RPF) टीम ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और मंडल सुरक्षा आयुक्त आशिम कुमार कुल्लू के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान लाखों रुपये मूल्य का गांजा और अवैध शराब जब्त की गई है। आरपीएफ की इस सक्रियता ने अवैध तस्करी में लिप्त अपराधियों की कमर तोड़ दी है।

चारलापल्ली एक्सप्रेस से बरामद हुआ गांजा
जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत 9 अप्रैल 2026 को मालदा टाउन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर ट्रेन संख्या 15646 (चारलापल्ली एक्सप्रेस) के पहुँचते ही आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक सामान्य कोच की सीट के नीचे लावारिस हालत में पड़ा एक बैग मिला।

यात्रियों से पूछताछ के बावजूद जब कोई दावेदार सामने नहीं आया, तो बैग की तलाशी ली गई। बैग के अंदर प्लास्टिक टेप में लिपटे दो पैकेटों से करीब 3.9 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1,95,000 रुपये आंकी गई है।

‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत शराब तस्कर गिरफ्तार
गांजे की बरामदगी के अलावा, ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत मालदा टाउन और भागलपुर स्टेशनों पर भी बड़ी कार्रवाई की गई। मालदा टाउन स्टेशन पर टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को 16.1 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा, जिसकी कीमत करीब 11,920 रुपये है।

वहीं, भागलपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित निगरानी के दौरान आरपीएफ ने एक अन्य व्यक्ति को पकड़ा, जिसके पास से विदेशी शराब की 18 बोतलें बरामद हुईं, जिनका मूल्य 14,760 रुपये बताया जा रहा है। पकड़े गए दोनों व्यक्ति शराब के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों और शराब को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए निगरानी और छापेमारी का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा, ताकि रेल यात्रा सुरक्षित और विश्वसनीय बनी रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *