साहिबगंज: जिला प्रशासन के निर्देश पर बोरियो थाना क्षेत्र में देर रात्रि सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) का उल्लंघन करने वाले कुल 40 वाहनों का चालान काटा गया और उनसे कुल ₹1,30,600 का जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना था।
ब्रेथ एनालाइजर से हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। इस दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर (Breath Analyzer) के जरिए भी जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन (ड्रिंक एंड ड्राइव) तो नहीं चला रहा है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस सघन वाहन जांच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ-साथ मोटरयान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, बोरियो थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस और पुलिस बल के जवान मुस्तैद दिखे।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने बोरियो और आसपास के आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। गाड़ी चलाते समय वैध कागजात (ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, पॉल्यूशन आदि) अपने साथ रखें और कभी भी नशे की हालत में वाहन न चलाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ताक पर रखने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह के सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज: राजमहल में गंगा नदी में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिवार में मातम


