राजमहल: अनुमंडल अस्पताल राजमहल में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष डॉ. उदय टुडू ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
गर्भवती महिलाओं की देखभाल और टीकाकरण पर विशेष जोर समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, प्रसव पूर्व जांच (ANC), उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (High Risk Pregnancy) की पहचान, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल और बच्चों के पूर्ण टीकाकरण पर विशेष बल दिया गया।
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश डॉ. उदय टुडू ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने, सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपने-क्षेत्र में नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कार्यों के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी कर्मियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम कर आम जनता तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की गई।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO), विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के पर्यवेक्षक, एएनएम, एमपीडब्ल्यू और अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : गंगा समग्र की प्रांतीय बैठक: भूदेव कुमार बने देवघर संभाग के संयोजक, राजमहल क्षेत्र में खुशी की लहर


