राजमहल : तीनपहाड़-राजमहल मुख्य मार्ग पर कैलाश पोटरी के पास सोमवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया ।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, राजमहल थाना क्षेत्र के पुन्नी टोला निवासी सुफियान शेख (25 वर्ष), बिस्मिल्लाह शेख (24 वर्ष) और सजरुल शेख (27 वर्ष) मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोयला बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के तुतीपुर निवासी महावीर उरांव (50 वर्ष) अपनी साइकिल से राजमहल की तरफ आ रहे थे। कैलाश पोटरी के समीप बाइक और साइकिल में इतनी जोरदार आमने-सामने की टक्कर हुई कि चारों सड़क पर दूर जा गिरे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल चला रहे महावीर उरांव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दिखाई तत्परता, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के समय मार्ग से गुजर रही राजमहल थाना की पेट्रोलिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत स्थिति को संभाला। पुलिस ने आनन-फानन में अलग-अलग वाहनों की मदद से सभी घायलों और मृतक को अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कुमार सौरभ ने स्वास्थ्य जांच के बाद महावीर उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक चला रहे सुफियान शेख और बिस्मिल्लाह शेख की हालत बेहद चिंताजनक पाई गई, जिसके बाद उन्हें डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। तीसरे घायल सजरुल शेख का इलाज स्थानीय अस्पताल में ही चल रहा है।
घटना की सूचना पर राजमहल थाना के एसआई महादेव उरांव, अनिल कुमार और ओमप्रकाश चौहान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया तथा परिजनों को सूचित कर दिया।
विधायक प्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
हादसे की खबर पाकर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक महावीर उरांव के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से मिलकर घायलों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
इधर घटना को लेकर राजमहल थाना पुलिस छानबीन में जुटी है।
यह भी पढ़ें : राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प: सिविल सर्जन ने किया औचक निरीक्षण