उधवा : राधानगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस प्रशासन को सीधी चुनौती देते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला उधवा पाक़ीज़ा मोड़ के समीप का है, जहां बेखौफ अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को अपना निशाना बनाते हुए सेंधमारी कर हजारों रुपये मूल्य के चांदी और सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में आक्रोश है।
शातिराना अंदाज में घटना को दिया अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात उधवा पाक़ीज़ा मोड़ स्थित विष्णु स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान में हुई। चोरों ने बड़ी ही चालाकी और शातिराना अंदाज में घटना को अंजाम दिया। दुकान की पक्की दीवार से करीब चार ईंटें काटकर चोरों ने अंदर प्रवेश करने का रास्ता बनाया। इसके बाद दुकान में रखी डबल लॉक वाली मजबूत लोहे की अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी में रखे लगभग 300 ग्राम चांदी और तीन आने सोने के आभूषणों को बटोर कर चोर अंधेरे का फायदा उठाते हुए आसानी से फरार हो गए।
सुबह शटर खोलते ही उड़ गए होश
घटना का खुलासा सोमवार की सुबह तब हुआ, जब दुकान संचालक विष्णु स्वर्णकार रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने शटर उठाया, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी का ताला टूटा था और दीवार में बड़ा सा छेद बना हुआ था। पीड़ित दुकानदार ने तुरंत इस दुस्साहसिक चोरी की सूचना राधानगर थाना पुलिस को दी।
पुलिस जांच में जुटी, व्यवसायियों ने की गश्त बढ़ाने की मांग
चोरी की सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर दुकान के अंदर और आसपास के इलाके का गहन निरीक्षण किया। पीड़ित व्यवसायी के बयान के आधार पर पुलिस अज्ञात चोरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में छानबीन कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इधर घटना की सूचना पर राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी भी मौके पर पहुंचे थे।
वहीं, इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने पुलिस से त्वरित कार्यवाही की मांग की है। व्यवसायियों का कहना है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में इस तरह की सेंधमारी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषणों की बरामदगी करने की पुरजोर मांग की है।
यह भी पढ़ें : तीनपहाड़: भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ एक गिरफ्तार, जेल
One Comment