राजमहल : अनुमंडल अस्पताल में शुक्रवार को फाइलेरिया से प्रभावित दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान चलने-फिरने में गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे फाइलेरिया प्रभावितों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, ताकि उनका जीवन अधिक सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बन सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजमहल विधायक प्रतिनिधि मो मारुफ़ उर्फ़ गुड्डू , भाजपा नेता पंकज घोष , एवं अस्पताल उपाधीक्षक डॉ उदय टुडू द्वारा लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल सौंपकर तथा फीता काटकर किया गया।
स्वास्थ्य विभाग और पिरामल फाउंडेशन की संयुक्त पहल इस अवसर पर राजमहल अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, बीपीएम अमित कुमार, केटीएस डेनियल किस्कू और मनीष उपस्थित रहे। साथ ही पिरामल फाउंडेशन की ओर से सीनियर प्रोग्राम लीड श्रवण कुमार झा, प्रोग्राम मैनेजर ऐमन दास और प्रोग्राम ऑफिसर श्रीकांत पंडित सहित स्वास्थ्य विभाग व फाउंडेशन के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
समय पर उपचार और जागरूकता जरूरी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि फाइलेरिया केवल एक बीमारी नहीं है, बल्कि सही समय पर बचाव और इलाज न मिलने पर यह व्यक्ति के पूरे जीवन को प्रभावित कर देती है। इससे निपटने के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी और समय पर दवा का सेवन बेहद जरूरी है।
सामूहिक दवा सेवन में भाग लेने की अपील कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों से फाइलेरिया उन्मूलन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि:
- सामूहिक दवा सेवन अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन अनिवार्य रूप से करें।
- मच्छरों से बचाव के लिए घर के आसपास साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें और नियमित रूप से मच्छरदानी का प्रयोग करें।
- यदि हाथ, पैर या शरीर के किसी हिस्से में असामान्य सूजन दिखे, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और नागरिकों ने साहिबगंज को फाइलेरिया मुक्त बनाने तथा हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें : राज्य खाद्य आपूर्ति आयोग की प्रभारी अध्यक्ष का राजमहल में औचक निरीक्षण