dharna

राजमहल : मनरेगा कर्मियों का तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल बुधवार को संपन्न हो गया । इसके बाद गुरुवार से मनरेगा कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है । राजमहल में मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने बताया कि धरना-प्रदर्शन कर सरकार के समक्ष विभिन्न मांगो को रखा गया है । प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में आयोजित धरना के दौरान कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है । जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर आंदोलन तेज करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन और भी उग्र किया जाएगा । अपनी मांगो में मनरेगा कर्मियों ने नियमितीकरण के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी नीति बनाने, राज्य मनरेगा कोषांग में कार्यरत पदाधिकारियों के समान वेतन संरचना (ग्रेड पे) लागू करने की मांग उठाई है । साथ ही सामाजिक सुरक्षा नीति के तहत स्वास्थ्य बीमा, पेंशन और मृत्यु मुआवजा की व्यवस्था करने की भी मांग की गई । इसके अलावा कई महीनों से लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करने, मृत मनरेगा कर्मियों के आश्रितों को समुचित आर्थिक सहायता देने तथा मानदेय भुगतान की समयबद्ध और सुनिश्चित व्यवस्था करने की भी मांग की. कर्मियों ने अनावश्यक कार्यभार और अव्यावहारिक लक्ष्य निर्धारण पर रोक लगाने की भी मांग की। मौके पर विनोद रूज, संध्या मंडल, बीना मरांडी, अखिलेश पंडित सहित कई मनरेगा कर्मी मौजूद थे ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *