राजमहल : साहिबगंज पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर राजमहल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को चकमा देकर संदिग्ध व्यक्ति बाइक और बैग छोड़कर अंधेरे में भागने में सफल रहा। राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
फोरलेन पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 3 सितंबर की शाम पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज के माध्यम से गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर संदिग्ध वस्तु से भरा बैग पीठ पर लटकाए महाराजपुर की ओर से राजमहल के बेगमपुरा ब्रिज की तरफ आ रहा है।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरतीपुर गांव के समीप फोरलेन सड़क पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
पुलिस को देख बाइक छोड़ भागा तस्कर
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। पुलिस को देखते ही वह चेकिंग स्थल से थोड़ा पहले रुक गया। जवानों को अपनी ओर आता देख वह बाइक छोड़कर भागने लगा। भागने के दौरान बैग का स्ट्रैप बाइक के हैंडल में फंसकर टूट गया। पुलिस बल ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
3 आईफोन समेत कुल 36 स्मार्टफोन बरामद
पुलिस ने जब मौके से बरामद काले रंग के एचपी (HP) लिखे बैग की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 36 कीमती एंड्रॉयड व आईफोन बरामद हुए। इसके अलावा एक काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जब्त मोबाइलों का विवरण:
- iPhone: 03
- Vivo: 13
- Oppo: 06
- Realme: 03
- OnePlus: 03
- Motorola: 03
- Samsung: 02
- Nothing: 02
- Redmi: 01
कुल बरामदगी: 36 मोबाइल फोन और 01 सुपर स्प्लेंडर बाइक
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या-303/26 दर्ज कर बीएनएस (BNS) की धारा 317(2)/317(5) के तहत अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में राजमहल थाना प्रभारी पु०अ०नि० हसनैन अंसारी, पु०अ०नि० ओम प्रकाश चौहान, स०अ०नि० रविशंकर झा और सशस्त्र बल के जवान ह० महेन्द्र यादव एवं आ० राजेन्द्र शर्मा शामिल थे।