राजमहल (साहिबगंज): शहर के गांधी चौक के समीप सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई से प्रभावित फुटपाथ दुकानदारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आगामी त्योहारों और दुकानदारों की रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत प्रशासन और विधायक प्रतिनिधि के बीच हुई वार्ता के बाद दुकानदारों को सशर्त दुकान लगाने की तात्कालिक राहत दे दी गई है।
विधायक की पहल पर हुई वार्ता
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों नगर पंचायत कार्यालय द्वारा शहर के गांधी चौक के समीप सड़क किनारे फुटपाथ दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई थी। इसके बाद प्रभावित दुकानदारों का एक शिष्टमंडल राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा के कार्यालय पहुंचा और आने वाले त्योहारों के सीजन में अपनी आजीविका का हवाला देते हुए राहत की गुहार लगाई थी।
विधायक के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने दुकानदारों और नगर पंचायत प्रशासन के बीच अपने कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कराई, जिसमें दुकानदारों को कुछ शर्तों के साथ राहत प्रदान की गई।
दुकानदारों के लिए तय की गई ये शर्तें:
- सड़क से दूरी: दुकानें सड़क के मध्य (सेंटर) से कम से कम 5 फीट की दूरी पर लगाई जाएंगी।
- सामान बाहर रखने पर रोक: कोई भी दुकानदार अपनी दुकान का सामान बाहर सड़क किनारे नहीं फैलाएगा।
- डस्टबिन अनिवार्य: स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से सभी दुकानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।
वैकल्पिक व्यवस्था के बाद होना होगा शिफ्ट
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि यह राहत आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए तात्कालिक रूप से दी गई है। भविष्य में नगर पंचायत कार्यालय द्वारा वैकल्पिक समाधान के तहत दुकानदारों को जिस स्थान या मार्केट में शिफ्ट कराया जाएगा, वहां सभी दुकानदारों को अनिवार्य रूप से शिफ्ट होना पड़ेगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अयुब अली मुख्य रूप से मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : स्कूलों में आधार शिविर 15 अक्टूबर तक : नाम, जन्मतिथि सुधार से लेकर नया आधार बनना हुआ आसान



One Comment