बैठक के बाद मौजूद

राजमहल (साहिबगंज): नगर पंचायत राजमहल में अधिकारियों-कर्मचारियों और वार्ड पार्षदों के बीच उत्पन्न हुआ गतिरोध अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू की सूझबूझ और मध्यस्थता के बाद कर्मचारियों ने अपना सांकेतिक विरोध-प्रदर्शन वापस ले लिया। दोपहर लगभग 2:30 बजे सभी कर्मचारी हड़ताल समाप्त कर वापस काम पर लौट आए।

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने वार्ता कर सुलझाया मामला

नगर पंचायत कर्मचारियों के सांकेतिक हड़ताल पर जाने की सूचना मिलते ही नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख और उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और चिंताओं को समझा। इसके बाद उपाध्यक्ष की पहल पर संबंधित वार्ड पार्षदों, विशेष रूप से वार्ड संख्या 3 के पार्षद सन्नी साहा को कार्यालय बुलाया गया। उपाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को सकारात्मक माहौल में बातचीत कराई और गलतफहमियों को दूर करते हुए मामला शांत कराया।

Advertisement

“नगर पंचायत एक परिवार, नियमों से चलती है व्यवस्था”: मो. मारूफ

दोनों पक्षों को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ ने कहा, “बीते कल बोर्ड की बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी और वार्ड 3 के पार्षद के बीच किसी बात को लेकर नोक-झोंक हो गई थी। लेकिन हमें यह समझना होगा कि नगर पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि और कर्मचारी एक ही परिवार का हिस्सा हैं। कार्यपालक पदाधिकारी इस प्रशासनिक व्यवस्था के सुपीरियर अधिकारी हैं और वार्ड पार्षद नगर पंचायत का अभिन्न अंग।”

उन्होंने आगे कहा कि कोई भी संस्थान या निकाय नियमों और मर्यादाओं के अनुरूप ही संचालित होता है। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर शहर की साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी को मिलकर एकजुटता के साथ काम करना होगा।

सम्मान और प्रक्रिया के तहत बात रखने का अधिकार: कार्यपालक पदाधिकारी

बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत के हर कर्मचारी का मान-सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “यदि कहीं भी कुछ गलत नजर आता है या कोई कमी दिखती है, तो उस पर सवाल उठाना पार्षदों और आम नागरिकों का अधिकार है। परंतु अपनी बात रखने का तरीका निर्धारित नियम और प्रक्रिया के तहत होना चाहिए।”

शहर के विकास में सहयोग करेंगे: सन्नी साहा

वार्ता के बाद सकारात्मक रुख अपनाते हुए वार्ड 3 के पार्षद सन्नी साहा ने कहा कि वे नगर पंचायत राजमहल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, विकास कार्यों को गति देने तथा जन सुविधाओं को बेहतर बनाने में प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

“कल की बातों को भूलकर आगे बेहतर काम करना है”: केताबुद्दीन शेख

नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख ने कहा, “नगर पंचायत राजमहल एक परिवार की तरह है और किसी भी परिवार में विचारों का मतभेद या छोटी-मोटी बातें होना स्वाभाविक है। बीते कल जो भी घटनाएं हुईं, उन्हें भूलकर अब हम सभी को राजमहल के बेहतर कल और विकास के लिए एक साथ मिलकर काम करना है।”

दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के बाद दोपहर 2:30 बजे सभी कर्मचारियों ने अपनी सांकेतिक हड़ताल समाप्त कर दी, जिसके बाद नगर पंचायत कार्यालय का कामकाज पुनः सामान्य हो गया।

मौके पर कनीय अभियंता जितेश चौधरी,विनोद मंडल, नमन कुमार ,प्रधान सहायक दिनेश मंडल, संदीप कुमार, अकाउंटेंट शशि आनंद, जंग बहादुर यादव सहित सभी नगर पंचायत के कर्मी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें : राजमहल नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में छाए जनमुद्दे, उपाध्यक्ष मारूफ उर्फ गुड्डू ने प्रमुखता से उठाईं कई मांगे

Advertisement

Similar Posts

2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *