मालदा/बरहरवा | 28 मार्च, 2026 : भारतीय रेलवे को पूरी तरह डिजिटल बनाने और यात्रियों को लंबी कतारों से मुक्ति दिलाने की दिशा में मालदा रेल मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) कार्तिक सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में शनिवार को न्यू फरक्का, बरहरवा और करनपुरातो रेलवे स्टेशनों पर ‘RailOne App’ जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान न्यू फरक्का स्टेशन पर वाणिज्य विभाग के कर्मियों और स्टेशन अधीक्षक ने यात्रियों से सीधा संवाद किया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को न केवल वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रेरित किया, बल्कि उन्हें ‘RailOne App’ के फायदों के बारे में भी विस्तार से बताया।
इसी तरह बरहरवा और करनपुरातो स्टेशनों पर भी वाणिज्य निरीक्षकों की टीम ने यात्रियों को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ‘RailOne App’ यात्रियों के लिए एक वन-स्टॉप सॉल्यूशन है। इस ऐप के माध्यम से यात्री निम्नलिखित सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं:
टिकट बुकिंग : आरक्षित (Reserved) और अनारक्षित (Unreserved) दोनों प्रकार के टिकटों की बुकिंग, रियल-टाइम जानकारी: ट्रेनों की वर्तमान स्थिति और लाइव रनिंग स्टेटस,पीएनआर (PNR) स्टेटस: अपनी टिकट की कन्फर्मेशन स्थिति की जांच, कोच पोजीशन: ट्रेन आने से पहले प्लेटफॉर्म पर अपने डिब्बे की सही स्थिति का पता लगाना, प्लेटफॉर्म टिकट: बिना लाइन में लगे मोबाइल से प्लेटफॉर्म टिकट लेना।
रेल मदद: यात्रा के दौरान किसी भी सहायता या शिकायत के लिए त्वरित समाधान, पारदर्शी और परेशानी मुक्त यात्रा का उद्देश्य । इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाना है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस एप्लीकेशन को डाउनलोड करें और इसका अधिक से अधिक उपयोग करें। अधिकारियों का मानना है कि इस डिजिटल पहल से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।