राजमहल (साहिबगंज): साहिबगंज जिला अंतर्गत तीनपहाड़, राजमहल और बरहरवा थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में हुई चोरी की बड़ी घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस संबंध में राजमहल प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने गुरुवार को राजमहल थाना प्रभारी के कार्यालय में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। बताया कि पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से चोरी के ₹86,500 नकद, घटना में प्रयुक्त हथियार और मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने केवल तीनपहाड़ ही नहीं, बल्कि राजमहल थाना कांड संख्या 79/26 और बरहरवा थाना कांड संख्या 57/26 में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मुख्य रूप से 9 मार्च 2026 की रात तीनपहाड़ स्थित Delivery Ltd Company के कार्यालय और बजाज शोरूम में हुई चोरी के बाद पुलिस अधीक्षक साहिबगंज के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रहिमुल शेख: पिता- स्व. जारूल शेख, साकिन- जोंका, थाना- तीनपहाड़।चुन्नु शेख: पिता- अकलिया शेख, साकिन- जोंका, थाना- तीनपहाड़।सद्दाम शेख: पिता- खुशमुद्दीन शेख, साकिन- बेगमपुरा, थाना- राजमहल। शामिल है।
पुलिस ने अपराधियों की निशानदेही पर चोरी का माल और घटना में प्रयुक्त सामान जब्त किया है:नकद: कुल ₹86,500 (सद्दाम शेख से ₹73,000 और रहिमुल शेख से ₹13,500)।औजार: एक सलाई रिंच, दो पेचकस, एक हेक्सा ब्लेड और करीब 2.5 फीट का लोहे का सब्बल।मोबाइल: मोटोरोला और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन। घटना के वक्त पहने गए नीले रंग के शर्ट और गुलाबी रंग का कुर्ता भी बरामद।
छापेमारी टीम में शामिल पदाधिकारी
इस सफल कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन (राजमहल प्रभाग), मृत्युंजय कुमार पाण्डेय (थाना प्रभारी, तीनपहाड़), नितेश कुमार पाण्डेय (थाना प्रभारी, तालझारी), हसनैन अंसारी (थाना प्रभारी, राजमहल), पु०अ०नि० नारद गहलौत, स०अ०नि० ललन रजवार और तीनपहाड़ थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को गुरुवार (26 मार्च 2026) को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया । पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष सामानों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।