शिविर के समापन में स्वास्थ्य कर्मी को सम्मानित करते डॉ रणजीत सिंह
शिविर के समापन में स्वास्थ्य कर्मी को सम्मानित करते डॉ रणजीत सिंह
|

राजमहल: मॉडल कॉलेज राजमहल की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-1 एवं इकाई-2 के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवें दिन एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज द्वारा गोद लिए गए ग्राम सालबनी एवं भोटोटोला के अंतर्गत भोटोटोला स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

ग्रामीणों को मिला निःशुल्क परामर्श और दवाइयाँ

इस स्वास्थ्य शिविर में सालबनी, लोगाई, खैरबन्नी सहित आस-पास के विभिन्न गाँवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी स्वास्थ्य जाँच कराई। शिविर में आए विशेषज्ञ चिकित्सकों के दल ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी उचित परामर्श दिए और उनके बीच आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया। इस चिकित्सा दल का नेतृत्व मुख्य रूप से डॉ. अभिषेक पाठक द्वारा किया गया।

स्वयंसेवकों ने चलाया जागरूकता अभियान

शिविर को सफल बनाने में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने अत्यंत सराहनीय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने गाँव में घर-घर जाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और उन्हें शिविर में आकर जाँच कराने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, आपसी समन्वय, त्याग, अनुशासन, एकता, सद्भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना है।

चिकित्सा दल का सम्मान व आभार व्यक्त

प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सामाजिक सरोकार के इस कार्य में बहुमूल्य योगदान देने के लिए चिकित्सा दल के सदस्यों को डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने राजमहल स्वास्थ्य विभाग को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि विभाग के निरंतर सहयोग से भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुँचाया जा सके।

इनकी रही मुख्य उपस्थिति

यह पूरा कार्यक्रम एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रमजान अली एवं डॉ. अमित कुमार के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य, बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक तथा भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *