accident rajmahal
|

राजमहल (साहिबगंज): राजमहल थाना क्षेत्र के चंडीपुर के समीप मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना शाम करीब 7:30 बजे की है, जब फोरलेन सड़क पर खड़े एक ट्रैक्टर से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर मस्कलैया निवासी सिफोल मंडल अपनी बाइक से मंगलहाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चंडीपुर के पास सड़क किनारे बिना नंबर प्लेट के खड़े एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि युवक का विवाह मात्र डेढ़ महीने पहले ही हुआ था। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

हादसे की सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडे दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *