barharwa pathna
|

बरहरवा (साहिबगंज) : बरहरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई । जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मुजीबुल अंसारी 26 वर्ष अपने एक साथी अजीजुल अंसारी के साथ बाइक पर सवार होकर बरहरवा रेलवे स्टेशन से लौट रहे थे। वे अपने एक मित्र को कोलकाता जाने वाली ट्रेन पकड़ाकर वापस अपने गांव शिमड़ा जा रहे थे।

इसी दौरान बरहरवा के समीप एक चाय दुकान से निकलकर जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक स्टार्ट की, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक अत्यधिक नशे में था और वाहन की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुजीबुल अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अजीजुल अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया ।

मृतक मुजीबुल अंसारी गांव में ही एक छोटी सी दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चे (6 वर्षीय बेटा और 3 वर्षीय बेटी) हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया है।

मृतक के फूफा मुजीबुर रहमान ने बताया कि ट्रैक्टर चालक पूरी तरह नशे में था। उसने इतनी लापरवाही से गाड़ी चलाई कि हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया। अब इन छोटे बच्चों और विधवा पत्नी का सहारा कौन बनेगा? हम सरकार और प्रशासन से उचित मुआवजे और न्याय की मांग करते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *