प्रेस वार्ता करते राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व मौजूद अन्य
प्रेस वार्ता करते राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व मौजूद अन्य
|

साहिबगंज /राजमहल: नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ साहिबगंज जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का विधिवत खुलासा किया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए करीब 78.3 ग्राम संदिग्ध MDMA ड्रग्स के साथ एक आरोपी को धर दबोचा है। पकड़े गए तस्कर के पास से नशीले पदार्थ की तौल करने वाला डिजिटल तराजू, तुलसी के पैकेट और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की थैलियां भी बरामद की गई हैं।

गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई और विशेष टीम का गठन

प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज को गुप्त सूचना मिली थी कि राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवडिया खोलाही टोला में शेर अली शेख नामक व्यक्ति के घर के पास अवैध रूप से प्रतिबंधित मन उत्तेजक नशीले पदार्थों (MDMA ड्रग्स) की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस विशेष टीम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राजमहल एवं सहयोगी पुलिस बल को शामिल किया गया ताकि कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी और मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में संपन्न हो सके।

घेराबंदी कर तस्कर को दबोचा, घर से बरामद हुआ मादक पदार्थ

छापेमारी दल ने फुलवडिया खोलाही टोला पहुंचकर इलाके की विधिवत घेराबंदी की और मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान शेख अली शेख (उम्र लगभग 52 वर्ष), पिता- स्वर्गीय आबिल शेख, साकिन- मुर्गी टोला (वर्तमान पता- खोलाही टोला, फुलवडिया, थाना- राजमहल, जिला- साहिबगंज) के रूप में दी।

इसके बाद मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जब अभियुक्त के घर और परिसर की तलाशी ली गई, तो पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ और पैकेजिंग का सामान मिला। तलाशी के दौरान एक पारदर्शी प्लास्टिक में 69.24 ग्राम सफेद रंग का MDMA ड्रग्स जैसा पदार्थ तथा दूसरी पारदर्शी प्लास्टिक में 9.06 ग्राम हल्का भूरा रंग का MDMA ड्रग्स जैसा पदार्थ (कुल वजन 78.3 ग्राम प्लास्टिक सहित) बरामद किया गया।

जब्त सामानों की पूरी विवरणी:

  • एक पारदर्शी प्लास्टिक में MDMA ड्रग्स जैसा सफेद पदार्थ (वजन 69.24 ग्राम, प्लास्टिक सहित)।
  • ​पारदर्शी प्लास्टिक में MDMA ड्रग्स जैसा हल्का भूरा रंग का पदार्थ (वजन 9.06 ग्राम, प्लास्टिक सहित)।​
  • 60 पीस तुलसी का छोटा पैकेट।​
  • 01 पीस डिजिटल तराजू (वजन मापने हेतु)।
  • ​25 पीस छोटा पारदर्शी पैकेजिंग प्लास्टिक।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल

एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शेख अली शेख ने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इस संदर्भ में राजमहल थाने में कांड संख्या 293/26, दिनांक 28.08.2026, धारा 21 एवं 27 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।

छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारी:

इस सफल अभियान में मुख्य रूप से मो० यूसुफ (प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी, राजमहल), पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन (राजमहल प्रभाग, साहिबगंज), पु०अ०नि० हसनैन अंसारी (थाना प्रभारी, राजमहल), पु०अ०नि० ओम प्रकाश चौहान, पु०अ०नि० महादेव उरांव (दोनों राजमहल थाना), स०अ०नि० रवि शंकर झा एवं राजमहल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले ड्रग्स माफियाओं और तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें : साहिबगंज : पुलिस ने 46 मोबाइल बरामद कर धारकों को सौंपा, असली मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Similar Posts

2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *