उद्घाटन करते पुलिस अधीक्षक साहिबगंज एवं मौजूद अन्य पुलिस पदाधिकारी
उद्घाटन करते पुलिस अधीक्षक साहिबगंज एवं मौजूद अन्य पुलिस पदाधिकारी
|

साहिबगंज: डिजिटल युग में बढ़ते वित्तीय फ्रॉड और ऑनलाइन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए साहिबगंज पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस लाइन स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर नवनिर्मित अत्याधुनिक ‘साइबर सेल’ का विधिवत उद्घाटन रविवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने किया। इस दौरान एसपी ने विधिवत फीता काटकर साइबर सेल को जिलेवासियों की सेवा में समर्पित किया।

साइबर अपराधियों पर कड़ा प्रहार, पीड़ितों को मिलेगा त्वरित न्याय

उद्घाटन के उपरांत मीडिया व पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। अपराधी नए-नए तरीकों से आम नागरिकों को वित्तीय नुकसान और मानसिक परेशानी में डाल रहे हैं। ऐसे जटिल अपराधों की वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और अपराधियों पर त्वरित कानूनी शिकंजा कसने के उद्देश्य से यह विशेष सेल शुरू किया गया है।

एसपी ने स्पष्ट किया कि साइबर सेल के अस्तित्व में आने से ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में अनुसंधान की गति तेज होगी और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सकेगा। इससे जिले में साइबर अपराधियों पर नकेल कसने में पुलिस को बड़ी सफलता मिलेगी।

थाने में ही दर्ज होंगे केस, मुख्यालय डीएसपी बने नोडल अधिकारी

कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराध से जुड़ी प्राथमिक प्राथमिकी (FIR) पूर्व की तरह संबंधित स्थानीय थानों में ही दर्ज की जाएगी। शिकायतकर्ता को सीधे साइबर सेल आने की बाध्यता नहीं होगी। थानों में मामला दर्ज होने के बाद साइबर सेल की टीम तकनीकी विश्लेषण, डेटा ट्रेसिंग और अनुसंधान में थानों की पुलिस को हरसंभव मदद प्रदान करेगी।

एसपी ने बताया कि जिले में साइबर अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी और बेहतर समन्वय के लिए डीएसपी मुख्यालय रविकांत साव को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल पदाधिकारी की देखरेख में साइबर एक्सपर्ट्स की टीम मामलों का त्वरित निष्पादन करेगी।

हेल्पलाइन पोस्टर का हुआ विमोचन, सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने का आदेश

554133

उद्घाटन समारोह के दौरान एसपी अमित कुमार सिंह ने आम जनता की सुविधा और जागरूकता के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर से संबंधित पोस्टर का औपचारिक विमोचन किया।

एसपी ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिले के सभी थानों, इंस्पेक्टर कार्यालयों, प्रखंड कार्यालयों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर यह हेल्पलाइन पोस्टर प्रमुखता से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने पर वित्तीय लेन-देन को तुरंत होल्ड कराया जा सकता है, इसलिए हेल्पलाइन नंबर का प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक होना आवश्यक है।

जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पुलिस प्रशासन के तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव, सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, मेजर रोहित दुबे सहित सभी थानों के थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने साइबर सेल के गठन को जिले की कानून व्यवस्था और डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।

यह भी पढ़ें : राजमहल में अवैध MDMA ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार, डिजिटल तराजू और पैकेजिंग सामग्री बरामद

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *