तीनपहाड़ (साहिबगंज): रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन से गोड्डा के एक अधेड़ व्यक्ति को दो चोरी के मोबाइल फोन के साथ हिरासत में लिया है। बरामद किए गए मोबाइल रियलमी और सैमसंग कंपनी के हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 15 से 20 हजार रुपये के बीच बताई जा रही है। गिरफ्तार व्यक्ति मूल रूप से गोड्डा जिले का रहने वाला है।
बरहरवा से चोरी हुए थे मोबाइल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात बरहरवा रेलवे स्टेशन से दो यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना RPF को मिली थी। सूचना मिलते ही बरहरवा RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए तीनपहाड़ स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान RPF टीम ने संदेह के आधार पर एक अधेड़ व्यक्ति को रोककर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से चोरी के दोनों मोबाइल फोन बरामद हुए।
घरेलू विवाद और लाचारी में की चोरी
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि घरेलू विवाद के कारण उसके बेटे ने उसे घर से निकाल दिया था। उसके पास खाने-पीने तक के पैसे नहीं थे और इसी लाचारी व भुखमरी की वजह से उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
मोबाइल बरामदगी के बाद RPF की टीम आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए बरहरवा ले गई है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : तुपुदाना में युवा कांग्रेस का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला अध्यक्ष तनवीर राजा सम्मानित



One Comment