साहिबगंज/राजमहल : राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकंडा गांव में गंगा नदी में डूबने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार सहित पूरे गांव में शोक व्याप्त है। घटना की सूचना पाकर राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुँच कर आवश्यक कार्रवाई की ।
स्नान या अन्य कार्य के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 11 बजे की है। सरकंडा गांव के पास गंगा नदी में डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और उन्हें बचाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। ग्रामीणों के सामूहिक और त्वरित प्रयासों से करीब आधे घंटे के भीतर ही उन्हें नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पहचान दिलीप रविदास (पिता भिखारी रविदास), निवासी सरकंडा गांव के रूप में हुई है।
घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसर गया । मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बिलखते हुए बताया कि उनके पति ही पूरे परिवार में अकेले कमाने वाले शख्स थे और उनका परिवार बेहद गरीब है। परिवार के मुखिया की इस तरह अचानक हुई मौत के बाद अब पत्नी और बच्चों के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें उनकी पत्नी, दो बेटे—राज रविदास (15 वर्ष) और आयुष रविदास (10 वर्ष), तथा एक 16 वर्षीय बेटी शामिल हैं। अचानक हुई इस अप्रत्याशित घटना ने इस गरीब परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
स्थानीय प्रशासन और समाजसेवियों ने बढ़ाया मदद का हाथ
इस दुखद घड़ी में संवेदना जताते हुए राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और समाजसेवी राजेश मंडल ने आगे आकर पीड़ित परिवार को अपनी ओर से तत्काल निजी स्तर पर सहायता प्रदान की है, ताकि इस संकट के समय परिवार को कुछ संबल मिल सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित गरीब परिवार के लिए उचित मुआवजे और सरकारी सहायता की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें : राजमहल के महाजन टोली गंगा घाट पर कार्तिक पंचमी पर भव्य महाआरती और दीपदान, हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजा तट


