उधवा (साहिबगंज): उधवा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा को शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ नम आंखों से विदाई दी गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र मां के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में भक्ति व भावुकता का माहौल देखने को मिला।
11 स्थानों पर हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर पंचायत के रामपुर, फुदकीपुर बंगालीपाड़ा, फुदकीपुर हाटपाड़ा, श्रीधर दियारा, बेगमगंज हाटपाड़ा और राधानगर समेत कुल 11 स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद प्रतिमाओं को मंदिर परिसर से बाहर निकाला गया, जिसके बाद भव्य विसर्जन यात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए गुजरी।
सुख-शांति और समृद्धि की कामना
विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए और क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। निर्धारित विसर्जन घाटों पर पहुंचने के बाद परंपरा के अनुसार मां को विदा किया गया और सभी ने ‘आस वर्ष पुनश्च हिगमनाय च’ यानी अगले वर्ष फिर से आने की कामना की।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी जगहों से प्रतिमाओं को विसर्जन घाट तक पहुंचाया गया।

सुरक्षा व व्यवस्था में इनकी रही सक्रिय मौजूदगी: इस अवसर पर राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पुलिस अवर निरीक्षक जुमरती अंसारी, गंगा प्रसाद यादव, गुलनाज बेगम, श्रीलाल हांसदा और एएआई सुनील मेहता सहित अन्य पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।


