बरहरवा: आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) बरहरवा और सीआईबी (अपराध आसूचना शाखा) मालदा की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर से एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से यात्रियों से चोरी किए गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इस संदर्भ में बताया गया कि बीते रात आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस टीम में उपनिरीक्षक नन्दन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष, हेड कांस्टेबल नूपुर बरन मीडिया और एएसआई अजय कुमार हंसदा शामिल थे।
रामपुरहाट-बरहरवा पैसेंजर (ट्रेन संख्या 63075) प्लेटफॉर्म संख्या-04 पर पहुंची, तो टीम ने फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। तलाशी लेने पर आरोपी की कमर से छिपाकर रखे गए तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 26 वर्षीय आसिक शेख के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के खालतीपुर (मियापाड़ा) का निवासी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि बरामद किए गए तीन मोबाइल फोन में से दो उसने उत्तरबंगा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13148) से और एक रामपुरहाट-बरहरवा पैसेंजर से यात्रियों की जेब से चोरी किए थे।
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह एक आदतन अपराधी है और लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों को अपना निशाना बना रहा है। कड़ी पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि आरोपी के खिलाफ कालियाचक थाने में चोरी और डकैती जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
आरपीएफ की टीम ने सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद किए गए तीनों मोबाइल फोन और लिखित शिकायत के साथ आरोपी को आगे की अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) बरहरवा के सुपुर्द कर दिया गया है।
बरहरवा से मिथुन यादव की रिपोर्ट
