राजमहल (झारखंड): सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजमहल नगर इकाई ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वाहन पर रविवार को राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं पर बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया और नारेबाजी की।
थानों और जेलों में भी सुरक्षित नहीं महिलाएं: भाजपा
पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि सरायकेला के गम्हरिया थाना परिसर में हुई घटना अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और चिंताजनक है।
कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब महिलाओं की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पुलिस ही सवालों के घेरे में आ जाएगी, तो आम महिलाएं किससे सुरक्षा की उम्मीद करेंगी? यदि थाने और जेल जैसे संवेदनशील स्थान भी महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं हैं, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था पर बहुत बड़ा प्रश्नचिह्न है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण और सुधार के बजाय कथित अवैध वसूली और उगाही में लगा हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा ने सरकार से निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं:
- गम्हरिया थाना परिसर घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।
- आरोपी पुलिसकर्मी को तुरंत निलंबित कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
- पीड़िता को समुचित सुरक्षा, न्याय और सहायता प्रदान की जाए।
- राज्य के सभी थानों और जेलों में महिला सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए जाएं।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख कार्यकर्ता
पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा राजमहल नगर अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी ने किया। इस अवसर पर राजेश मंडल, किशोर जैन, अजय चौधरी, राजू सरकार, संजय प्रमाणिक, उमा मंडल, रतन हजारी, रीतेश साहा, कैलाश पासवान, सिंटू घोष, राहुल चौधरी, गगन हालदार, सुंदरम बर्मन, बिंदेश्री यादव, संजय मंडल और दिवाकर मंडल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: J-TET Exam 2026: तीनपहाड़ परीक्षा केंद्र का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


