राजमहल (साहेबगंज ): पुलिस को मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक साहेबगंज को मिली गुप्त सूचना के आधार पर राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया पटाल (बगीचा) के पास की गई एक विशेष छापेमारी में पुलिस ने करीब 13.7 ग्राम प्रतिबंधित एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस अवैध कारोबार में संलिप्त दो शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान फकरुद्दीन शेख उर्फ मिंटू और सलमान शेख के रूप में की गई है।
उक्त जानकारी राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी । उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक को फुलवरिया पटाल क्षेत्र में अवैध रूप से मनोत्तेजक पदार्थों की खरीद-बिक्री किए जाने की सटीक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई हेतु तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। यह पूरी कार्रवाई प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राजमहल (मोहम्मद युसुफ) की उपस्थिति में सहयोगी पुलिस बलों द्वारा अंजाम दी गई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे चौकस पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुआ।
पकड़े गए मुख्य अभियुक्त फकरुद्दीन शेख (उम्र 29 वर्ष, निवासी मुर्गीटोला, राजमहल) से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस अवैध धंधे में अपने सहयोगी सलमान शेख (निवासी फुलवरिया, राजमहल) की संलिप्तता का खुलासा किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दूसरे आरोपी सलमान शेख को भी धर दबोचा, जिसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इस मामले में राजमहल थाना में कांड संख्या 181/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act 1985) की धारा 21/27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में मुख्य रूप से राजमहल के अंचलाधिकारी मोहम्मद युसुफ, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पु०अ०नि० पवन यादव, पु०अ०नि० महादेव उरांव, स०अ०नि० बृजनन्दन चौधरी, हवलदार महेन्द्र यादव और आरक्षी दिनेश कुमार शामिल थे।