उधवा: अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 3 वर्षीय मासूम को रौंदा, दर्दनाक मौत

उधवा (साहिबगंज): राधानगर थाना क्षेत्र के बालूगांव और अमानत के बीच स्थित कुटीमोड़ चौक के समीप रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक मासूम की जान चली गई । एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:00 बजे कुटीमोड़ निवासी कौशर शेख की करीब तीन वर्षीय पुत्री अपने घर के सामने सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान अमानत की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को एक कमरे में बंद कर दिया और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज और एसआई पंकज दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा चालक को मुक्त कराया । इधर , घटना से उत्तेजित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाकर और काफी समझा-बुझाकर जाम हटवाया।

Leave a Comment