उधवा/राजमहल: झामुमो ( झारखंड मुक्ति मोर्चा ) ने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम और सांगठनिक मजबूती को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में रविवार को उधवा और राजमहल प्रखंड में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। उधवा प्रखंड स्थित आलम पेट्रोल पंप के निकट टूनू स्कूल परिसर में प्रखंड स्तरीय बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली उर्फ बाबू दा ने की।
वहीं दूसरी तरफ, राजमहल प्रखंड के सैदपुर पंचायत स्थित मलाहीटोला गांव में प्रखंड एवं नगर कमेटी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अनीसुर रहमान ने की। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य राज्य में चल रहे एसआईआर कार्यक्रम और आगामी सांगठनिक कार्यों के लिए कार्यकर्ताओं को मिशन मोड में तैयार करना था।
दोनों ही बैठकों में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, जिला सचिव सुरेश टुडू और सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम मुख्य रूप से शामिल हुए। इसके अलावा केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बसंती हांसदा, विधायक प्रतिनिधि सह युवा जिला सचिव मो. मारूफ उर्फ गुड्डू और महिला मोर्चा जिला सचिव संगीता बेसरा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी शिरकत की।
राजमहल की बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद सभी नेताओं ने एक-एक कर एसआईआर और संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया, एसआईआर मैपिंग और एलोमनी (विसंगति) सूची को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जानकारी दी कि उधवा प्रखंड में अब तक 92 फीसदी से अधिक मतदाताओं का मैपिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और शेष छूटे हुए मतदाताओं को भी जल्द ही जोड़ लिया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से विसंगति सूची में नाम आने की रिपोर्ट मिल रही है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता प्रभावित मतदाताओं की मदद करें ताकि वे संबंधित बीएलओ (BLO) से मिलकर समय पर इसका समाधान करा सकें।
सांगठनिक रणनीति पर जोर देते हुए नेताओं ने कहा कि झामुमो हमेशा से आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और एसआईआर मैपिंग सीधे तौर पर आम लोगों से जुड़ा एक बेहद महत्वपूर्ण विषय है। बैठक में कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 (BLA-2) को चुनावी मोड में सक्रिय होने का आह्वान किया गया।
विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ ने कार्यकर्ताओं को मैपिंग, अनपेजिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे क्षेत्र में जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम इसमें शामिल न हो पाए। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज बीएलओ तक पहुंचाने में भी मदद करने को कहा गया।
इन महत्वपूर्ण बैठकों में पार्टी के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। उधवा की बैठक में सचिव विश्वजीत मंडल, जिला संगठन सचिव काजू मालिक, तमरुद्दीन सेख, जिला अल्पसंख्यक सचिव इब्राहिम सेख, कोषाध्यक्ष अब्दुल हक, जिप सदस्य रानी हांसदा, कीनू सोरेन, यासिन शेख और हफीजुर रहमान समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, राजमहल की संयुक्त बैठक में जिप सदस्य अब्दुल बारीक शेख, प्रखंड सचिव दुर्गा प्रसाद मंडल, सुमित चौरसिया, वासुदेव मंडल, अजय मढैया, सुदर्शन पासवान, जिशु शेख, आजाद शेख, फूल कुमारी और ललिता सोरेन सहित कई स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।