निरिक्षण के दौरान जानकारी लेते डीसी
निरिक्षण के दौरान जानकारी लेते डीसी
|

साहिबगंज | झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा–2025 रविवार को साहिबगंज जिला मुख्यालय के 13 केंद्रों पर सफलतापूर्वक और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षार्थियों ने दो पालियों में अपनी परीक्षा दी।

उपायुक्त ने स्वयं संभाली कमान, केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों का गहन जायजा लिया। उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परीक्षा के मुख्य आंकड़े और उपस्थिति

जिला मुख्यालय स्थित कुल 13 केंद्रों राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल तथा पीएम श्री अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ापंचगढ़ पर कुल 3653 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।

  • प्रथम पाली: 2205 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1448 अनुपस्थित पाए गए।
  • द्वितीय पाली: 2203 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 1450 अनुपस्थित रहे।

चाक-चौबंद रही प्रशासनिक व्यवस्था

परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारियों की भारी फौज तैनात की थी:

  • निगरानी: 16 पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी और 06 जोनल-सह-उड़नदस्ता दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
  • नेतृत्व: अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत (वरीय प्रभारी), जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा (नोडल पदाधिकारी) और अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द (प्रभारी पदाधिकारी) ने पूरी प्रक्रिया की कमान संभाली।

शांतिपूर्ण समापन पर जताया आभार

परीक्षा के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने राहत व्यक्त की और इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों, शिक्षा विभाग के कर्मियों और आम जनता के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के साझा प्रयासों से एक पारदर्शी और सुव्यवस्थित वातावरण में परीक्षा आयोजित करना संभव हो सका।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *