जानकारी देते आरपीएफ इंस्पेक्टर एवं मौजूद अन्य
|

बरहरवा: रेलवे स्टेशन पर अवैध सामानों और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार, 16 जून 2026 को चेकिंग के दौरान बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर खड़ी एक ट्रेन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी मदिरा (Foreign Liquor) बरामद की गई है। आरपीएफ ने सभी बोतलों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम दैनिक चेकिंग और निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इस टीम में आरपीएफ कांस्टेबल अनिल कुमार साह सहित सीपीडीएस (CPDS) टीम के हेड कांस्टेबल योगेंद्र मांझी, हेड कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल वशिष्ठ यादव शामिल थे। इसी दौरान सुबह करीब 07:15 बजे ट्रेन संख्या 13409 प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, जिसकी सघन तलाशी ली गई।

ट्रेन के गार्ड साइड में स्थित जनरल कोच संख्या ER/125012/C की जांच के दौरान आरपीएफ टीम की नजर सीट के नीचे रखे एक संदिग्ध काले रंग के पिट्ठू बैग पर पड़ी। कोच में मौजूद यात्रियों से जब इस बैग के बारे में पूछताछ की गई, तो किसी ने भी इस पर अपना दावा नहीं किया। संदेह गहराने पर रेल यात्रियों की मौजूदगी में जब बैग को खोलकर देखा गया, तो उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब भरी हुई थी।

सुरक्षा बलों ने तुरंत बैग को प्लेटफॉर्म पर उतारा और उसकी विस्तृत तलाशी ली। बैग से विभिन्न ब्रांड्स की कुल 4.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹4,680/- आंकी गई है। जिसमें ​McDowell’s No.1 Superior Whisky: 375 ml की 3 बोतलें (मूल्य ₹1050) और 750 ml की 1 बोतल (मूल्य ₹670)।​Magic Moments Grain Vodka: 375 ml की 3 बोतलें (मूल्य ₹1110)।​Imperial Blue Whisky: 375 ml की 5 बोतलें (मूल्य ₹1850) बरामद की गई।

आरपीएफ ने अवैध रूप से ले जाई जा रही इस विदेशी मदिरा को विधिवत जब्त कर लिया है। जब्त की गई खेप को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया है और इस पूरे मामले की सूचना उत्पाद विभाग, साहेबगंज को दे दी गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रेनों में अवैध व ज्वलनशील पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी कड़ाई से जारी रहेगा।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *