राजमहल: हनुमान मंदिर का वार्षिकोत्सव संपन्न, पूर्णाहुति पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

राजमहल : नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित ग्वालटोली नमामि गंगे घाट के समीप हनुमान मंदिर का वार्षिक उत्सव रविवार को अत्यंत हर्षोल्लास और धार्मिक अनुष्ठान के साथ संपन्न हो गया। यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ ही इस बहुप्रतीक्षित धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां लोगों ने शीश नवाकर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।​

अखंड रामायण पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल

वार्षिकोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में समापन से पूर्व दो दिनों तक भव्य अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया था। विद्वान पुरोहित जनार्दन उपाध्याय, सुभाष पांडे, राम जी और राजेश उपाध्याय द्वारा किए गए सस्वर रामायण पाठ के वाचन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। मंत्रोच्चार और चौपाइयों को सुन वहां मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरा क्षेत्र “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।​

हर वर्ष होता है भव्य आयोजन

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जीतू घोष ने बताया कि हनुमान मंदिर के निर्माण और मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हर साल इस भव्य यज्ञ और अखंड रामायण पाठ का आयोजन विधि-विधान से किया जाता है। उन्होंने बताया कि रविवार देर संध्या महाप्रसाद (महाभोग) के वितरण के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

​इनका रहा सराहनीय योगदान

इस विशाल धार्मिक प्रसंग को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय युवाओं ने दिन-रात एक कर दिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष जीतू घोष​ , कोषाध्यक्ष सूरज महाल्दार​ , सक्रिय सदस्य दिलीप घोष, संकेत सिंह, शगुन शौर्या, राकेश यादव, समृद्ध उपाध्याय, विशाल राय, सुमित पांडे, सोम कुमार और उज्ज्वल घोष सहित कई अन्य गणमान्य लोगों का योगदान बेहद सराहनीय रहा।

Leave a Comment