उधवा: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, एचपी पेट्रोल पंप पर दिया धरना

उधवा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ उधवा प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को उधवा प्रखंड स्थित एचपी (HP) पेट्रोल पंप के सामने जोरदार धरना दिया और हस्ताक्षर अभियान चलाया।इस धरना सह हस्ताक्षर अभियान का नेतृत्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मो० बदरूद्दोजा ने किया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए जिला महासचिव सह प्रखंड प्रभारी ऐनुल हक अंसारी ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।

पेट्रोल पंप पर विरोध जताने का मकसद जनता को यह बताना है कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी सीधे तौर पर हर चीज को महंगा कर रही है।इस धरने में प्रखंड के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि अगर महंगाई पर लगाम नहीं लगी तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई कम करो” और “जनविरोधी सरकार मुर्दाबाद” के नारे लगाए। मौके पर जिला सचिव हाफिज सईद अख्तर, जिला सचिव रब्बानी शेख, जिला सचिव मैनुल हक, जिला सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर आरिफ आलम, प्रखंड महासचिव प्रेम सरकार, मंडल अध्यक्ष मो० मुर्सालिम, खालेक शेख, मुक्लेसर रहमान, गुफरान आलम, अलाउद्दीन शेख, जसीम अख्तर, नबीर शेख और अब्दुल मन्नान सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment