बड़ी खबर: साहिबगंज में मंइयां सम्मान योजना के नाम पर अवैध वसूली, पंचायत सचिवालय सहायक पर FIR दर्ज

साहिबगंज (उधवा): झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मंइयां सम्मान योजना’ में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड अंतर्गत अमानत पंचायत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां योजना के लाभुकों से अवैध वसूली करने के आरोप में पंचायत सचिवालय सहायक के विरुद्ध राधानगर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, अमानत पंचायत में मंइयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं के दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन (Verification) कार्य पंचायत सचिवालय सहायकों द्वारा किया जा रहा था। इसी दौरान एक पंचायत सहायक द्वारा लाभुक महिलाओं से सत्यापन के नाम पर अवैध रूप से पैसों की वसूली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो संज्ञान में आते ही जिला प्रशासन रेस हुआ और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी ने नहीं लिया संज्ञान

सूत्रों के मुताबिक यह विडियो कुछ दिन पूर्व ही वायरल हो गया था। स्थानीय कई अख़बारों में प्रमुखता से खबर प्रकाशित भी किया गया । लेकिन प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा था। मामला उप विकास आयुक्त ( डीडीसी ) साहिबगंज सतीश चंद्रा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए ।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज, जांच शुरू

अमानत पंचायत के पंचायत सचिव सत्यनारायण रजवार के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। अवैध वसूली के आरोपी पंचायत सहायक सफीक अहमद (पिता: मोहम्मद दानिश अली, साकिन: अमानत दियारा प्यारपुर) के खिलाफ राधानगर थाना में कांड संख्या 164/26 दर्ज किया गया है।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं 318(4), 316(2), और 308(2) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे का अनुसंधान (जांच) शुरू कर दिया है।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

इस कार्रवाई के बाद से प्रखंड के अन्य बिचौलियों और भ्रष्ट कर्मियों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लाभुकों को परेशान करने वाले तत्वों पर आगे भी ऐसी ही कानूनी गाज गिरनी तय है।

Leave a Comment