युवाओं को दिया गया मोबाइल नशा छोड़ योग से जुड़ने का संदेश
राजमहल (साहिबगंज): मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, नई दिल्ली (आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) के सौजन्य से मैटी अल्टरनेटिव मेडिकल काउंसिल द्वारा 76वें काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत सोमवार को +2 जे.के. उच्च विद्यालय के प्रांगण में ‘योगोत्सव’ का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अभिजीत कुमार, मॉडल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह, मुस्कान कनोडिया, वरिष्ठ शिक्षक मो. अरशाद आलम और काउंसिल के निदेशक डॉ. सुभाष कुमार विद्यार्थी सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लगभग 500 छात्र-छात्राओं को योग प्रशिक्षक परमानन्द मंडल, डॉ. सुधांशु कुमार और डॉ. पुष्पराज कुमार ने सूक्ष्म आसन, ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, वज्रासन और विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने नियमित योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने युवाओं से मोबाइल की लत और नशे से दूर रहकर योग व खेलों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि तनाव मुक्त जीवन के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना अनिवार्य है।
कार्यक्रम के अगले चरण में ‘संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए योग’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञों ने योग के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य प्राप्त करने के गुर सिखाए।
साथ ही, पूर्व में आयोजित ‘योग जागरूकता लेख प्रतियोगिता’ के 450 प्रतिभागियों के परिणाम घोषित कर उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। ‘हरित योग’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में औषधीय पौधे भी रोपे गए। अंत में अतिथियों और शिक्षकों को अंग वस्त्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि विशेष योग प्रशिक्षण के लिए इच्छुक व्यक्ति टोल-फ्री नंबर 18003157008 पर मिस्ड कॉल कर 14 दिनों के निःशुल्क ऑनलाइन कोर्स का लाभ उठा सकते हैं।