मिर्जाचौकी ( साहिबगंज ): मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कीर्तनिया स्थित मां तारा धर्म कांटा परिसर में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार मालवाहक ट्रक पर तिरपाल बांधने के दौरान हाईटेंशन विद्युत तार (11 हजार वोल्ट ) की चपेट में आने से एक ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अजय यादव के रूप में की गई है, जो मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का निवासी था ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय घटी जब चालक अजय यादव ट्रक के ऊपर चढ़कर तिरपाल को व्यवस्थित कर रहा था। इस दौरान उसे आभास नहीं हुआ कि ट्रक के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गुजर रहा है। तिरपाल बांधते समय अचानक उसका शरीर बिजली के तार के संपर्क में आ गया। बिजली का झटका इतना तीव्र था कि चालक को संभलने का भी अवसर नहीं मिला और वह अचेत होकर ट्रक के ऊपर ही गिर पड़ा।
इस घटना ने आसपास मौजूद लोगों को हिलाकर रख दिया। हादसे की सूचना मिलते ही कीर्तनिया और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। मौके पर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मिर्जाचौकी थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पाकर एसआई विक्रम कुमार बाउरी, एसआई प्रवीण प्रभाकर और एएसआई शिवलाल मरांडी समेत पुलिस बल के जवान त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और इसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की । पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और इस बात की जांच कर रही है कि क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई थी या यह महज एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था।
मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।इस दुखद घटना ने एक बार फिर खुले तारों और ट्रक पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि धर्म कांटा और ऐसे अन्य स्थानों पर बिजली के तारों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की जांच की जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की क्षति न उठानी पड़े। फिलहाल, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
रिपोर्ट: दीपक सिंह, मिर्जाचौकी
